
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत बांसवाड़ा जिले की अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को जारी कर दी गई है। प्रारूप मतदाता सूची, जो 16 दिसंबर को प्रकाशित हुई थी, उसमें कुल 13 लाख 24 हजार 642 मतदाता दर्ज थे। दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसमें 2.58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 लाख 58 हजार 812 हो गई। अंतिम मतदाता सूची में 6 लाख 93 हजार 320 पुरुष मतदाता, 6 लाख 65 हजार 476 महिला मतदाता और 16 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जिला मजिस्ट्रेट डॉक्टर इंद्रजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दावे और आपत्तियों की अवधि 16 दिसंबर से 19 जनवरी तक चली। इस दौरान जिलेभर से 36 हजार 443 फॉर्म-6 और 6A प्राप्त हुए, जिनके माध्यम से नए नाम जोड़े गए। वहीं 2 हजार 273 फॉर्म-7 नाम हटाने के लिए और 4 हजार 906 फॉर्म-8 संशोधन के लिए प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की है। जिला मजिस्ट्रेट डॉक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दावे-आपत्तियों के बाद मतदाता प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है और आगे भी नाम जोड़ने व हटाने की प्रक्रिया सतत रूप से जारी रहेगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट राजेश द्विवेदी भी मौजूद रहे।