
उदयपुर में होली के दिन एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र में चेन्नई से आए एक पर्यटक के साथ चैन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। पीड़ित पी.वी. स्वामी नाथन ने इस मामले में घंटाघर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद जब दोनों मंदिर से बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात महिला उनके पास आई और अचानक उनके गले से चैन छीनकर वहां से फरार हो गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही महिला मौके से गायब हो गई। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत घंटाघर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी महिला की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि होली पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खास तौर पर जगदीश चौक जैसे पर्यटन स्थलों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। इसके बावजूद पर्यटक के साथ हुई इस वारदात ने एक बार फिर उदयपुर में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
01 May 2026