
राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से गोगुंदा प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है। हाईकोर्ट के आदेश, जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्णय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्देशों की पालना में यह कार्रवाई की जा रही है। गोगुंदा उपखंड अधिकारी आईएएस शुभम भैसारे के निर्देशन में एनएचएआई, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर बुलडोजर की मदद से अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया। यह अभियान झाड़ोली, जसवंतगढ़, गोगुंदा, खाखड़ी, विजय बावड़ी और नयागुड़ा सहित विभिन्न गांवों में चलाया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा के भीतर अवैध कब्जे किए गए थे। तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी के मुताबिक तहसील क्षेत्र में कुल 53 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। इनमें से अब तक 24 अतिक्रमण पूरी तरह हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। हटाए जा रहे ढांचों में हाईवे किनारे संचालित दुकानें, होटल-ढाबे, रेस्टोरेंट, अस्थायी केबिन और कुछ आवासीय निर्माण शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि ये निर्माण सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे थे और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे थे। कार्रवाई से पहले सभी कब्जाधारकों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही सीमांकन कर अतिक्रमण वाले स्थानों पर लाल निशान भी लगाए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने ध्वस्त करने की कार्रवाही को अंजाम दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किसी भी नए अतिक्रमण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
10 Jun 2026