
शंकरलाल पालीवाल चाकू हमला कांड मामला दो माह से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देने वाले दो आरोपी बीकानेर से गिरफ्तार जिले की गोगुंदा पुलिस ने दूध व्यवसायी शंकरलाल पालीवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो माह से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को बीकानेर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वीरेंद्र सिंह उर्फ विज्जू (22) पुत्र पनसिंह राजपूत निवासी खंडावली, घोड़च थाना खमनौर तथा मनीष गमेती उर्फ मुना उर्फ राणा (25) पुत्र कालू गमेती निवासी शिकारियों की भागल, रामा थाना सुखेर शामिल हैं।थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि 2 अप्रैल की शाम वणी स्थित एक होटल के समीप सेमटाल निवासी दूध व्यवसायी शंकरलाल पालीवाल पर लूट एवं हत्या की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दूध व्यवसाय को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर इस हमले को अंजाम दिलाया गया था। पुलिस ने मामले में पूर्व में सुपारी देने वाले लक्ष्मण सिंह निवासी वणी, हमलावर टीकम उर्फ टिक्सा पुत्र मोहनलाल गमेती निवासी रामा तथा मुंबई से बुलाए गए सुपारी किलर मनोहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि घटना के दो मुख्य आरोपी वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन के निर्देशन एवं गिरवा वृत्ताधिकारी गोपाल चंदेल के सुपरविजन में गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीकानेर में दबिश देकर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने और जांच को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्याम सिंह चारण, एएसआई हरिसिंह, कांस्टेबल प्रदीप एवं सत्यनारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
10 Jun 2026