
बांसवाड़ा जिले में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मानगढ़ तिराहा चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को डिटेन किया, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध गीली लकड़ी भरी हुई पाई गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दी गई। शुक्रवार को आनंदपुरी थाना क्षेत्र में थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अरथूना की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को मानगढ़ तिराहा चेक पोस्ट पर रोका गया। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में गीली लकड़ी भरी हुई मिली, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की सहायता से वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई के लिए वन विभाग की बागीदौरा रेंज को सूचना दी गई है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की तस्करी या गैरकानूनी कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
01 May 2026