
मामला उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र का है, जहां बापू बाजार स्थित बख्तावरलाल क्लिनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रामपुरा अम्बाबाड़ी निवासी भूमि तेली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक भूमि के हाथ-पैर में दर्द था। इसी परेशानी के चलते उसके ससुर सुबह करीब 8 बजे उसे इलाज के लिए बख्तावरलाल क्लिनिक लेकर पहुंचे थे। यहां चिकित्सकीय उपचार के दौरान भूमि को बोतल चढ़ाई गई। परिजनों का कहना है कि बोतल चढ़ाए जाने के कुछ देर बाद ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश हो गई। हालात गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल जागृति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद भूमि को मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजन उसे लेकर एमबी अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाजजन और परिजन एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि भूमि सामान्य स्थिति में इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची थी, लेकिन इलाज के दौरान कथित लापरवाही हुई और उसे अधिक डोज दिए जाने के कारण उसकी हालत बिगड़ी।परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई है।फिलहाल महिला की मौत को लेकर परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामला सामने आने के बाद इलाज के दौरान हुई महिला की मौत और लगाए गए लापरवाही के आरोपों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।