
राज्य सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के बाद उदयपुर और सलूंबर में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। 183 आरएएस अधिकारियों के स्थानांतरण में इन दोनों जिलों से जुड़े 14 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।उदयपुर नगर निगम में हरिसिंह देवल को नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं आरएएस अधिकारी महावीर खराड़ी की उदयपुर वापसी हुई है। उन्हें जनजाति विभाग में अतिरिक्त आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।तबादला सूची में झाड़ोल के उपखंड अधिकारी कपिल कुमार कोठारी का नाम भी शामिल है। खास बात यह है कि झाड़ोल क्षेत्र में पिछले दिनों मुख्यमंत्री की रात्रि जनसुनवाई हुई थी। मुख्यमंत्री के दौरे और जनसुनवाई के बाद झाड़ोल के उपखंड अधिकारी को बदलने की चर्चा भी इस प्रशासनिक फेरबदल से जुड़ रही है। वहीं उदयपुर नगर निगम के उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी, लोक सेवाओं के सहायक निदेशक हेमराज गुर्जर और गिर्वा के सहायक कलक्टर निलेश कुमार कलाल का भी तबादला किया गया है। इन अधिकारियों का करीब दो महीने बाद ही दोबारा तबादला हुआ है। इसी तरह यूडीए में आए रमेशचंद्र बहेड़िया का भी वापस तबादला कर दिया गया है। कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने के महज दो महीने के भीतर ही फिर से दूसरी जगह भेज दिया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद उदयपुर और सलूंबर जिले में कई विभागों के कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने अब प्रशासनिक व्यवस्थाओं को संभालने की चुनौती भी रहेगी।