
हरियाली अमावस्या के मेले के दौरान फतेहसागर झील के ओवरफ्लो गेट के सामने अचानक चट्टान खिसकने से हादसा हो गया। यहां सेक्टर-9 निवासी हरजीत सिंह सरदार छोटी दुकान लगाकर बैठे थे। इसी दौरान ऊपर की तरफ से अचानक चट्टान खिसककर नीचे आ गिरी। चट्टान की चपेट में आने से हरजीत सिंह सरदार के पैर में चोट आई। हादसे में उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग भी घायल हो गए। अचानक चट्टान गिरने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद सिविल डिफेंस की डी.क्यू.आर.टी. टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चट्टानों के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से महाराणा भूपाल चिकित्सालय के लिए रवाना किया गया। हादसे के दौरान सिविल डिफेंस की टीम में बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया, रेस्क्यूअर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, हीरालाल प्रजापत और प्रकाश राठौड़ मौजूद रहे। टीम की तत्परता के चलते चट्टानों के बीच फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।

12 Aug 2026