
बांसवाड़ा जिले में सोशल मीडिया पर फैली एक भ्रामक सूचना ने लोगों के बीच अचानक घबराहट पैदा कर दी। सोमवार शाम व्हाट्सएप ग्रुप्स में एक मैसेज तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते रात 12 बजे से सभी पेट्रोल पंप बंद हो जाएंगे और ईंधन की भारी कमी हो जाएगी। इस मैसेज के फैलते ही लोग घरों और दफ्तरों से निकलकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते शहर और जिले के बड़े कस्बों के लगभग सभी पंपों पर भारी भीड़ लग गई। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ केन, बोतल और कैंपर में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। अचानक बढ़ी भीड़ से पंप संचालक और कर्मचारी भी हैरान रह गए। कई जगह जल्दबाजी के चलते लोगों के बीच बहस और कहासुनी की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में पंप संचालकों ने लोगों को समझाते हुए बताया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह अफवाह है और लोगों से अपील की है कि ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के इन्हें आगे शेयर न करें। देर रात तक हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे और पंपों पर लगी भीड़ कम हो गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
01 May 2026