
उदयपुर के पारस चौराहा पर कार और ऑटो के बीच हल्की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान कार चालक वहां से निकल गया। इस बात से नाराज ऑटो में सवार कुछ युवक पुलिसकर्मियों से ही सवाल करने लगे कि कार चालक को क्यों नहीं रोका गया। बहस बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की में बदल गई। वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कुछ युवक वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के बेहद करीब जाकर आक्रामक रवैया अपनाते हैं, जबकि पुलिसकर्मी संयम बनाए रखने की कोशिश करते नजर आते हैं। स्थिति इतनी बिगड़ी कि चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। त्योहारों के मौके पर जब आमजन जश्न में व्यस्त रहते हैं, उस समय पुलिसकर्मी शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे में उनके साथ मारपीट करना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी चिंताजनक है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजकार्य में बाधा, मारपीट और शांति भंग करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
01 May 2026