
उदयपुर में फूटा तालाब क्षेत्र में कथित अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। देहात जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी और शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव भारत रामानुज ने इस संबंध में राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा हिरण मगरी सेक्टर 13 स्थित फूटा तालाब में बिना अनुमति के हो रहे निर्माण कार्यों को नहीं रोका जा रहा है। साथ ही भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से बनाई गई कच्ची सड़क को भी नहीं हटाया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्होंने 19 सितंबर 2024, 19 दिसंबर 2024, 20 फरवरी 2025 और 20 मार्च 2025 को जनसुनवाई में इस मामले की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन करीब डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन अवैध निर्माण कार्यों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति होने के कारण प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है। गौरतलब है कि फूटा तालाब की भूमि प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार इस तरह की भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रतिबंधित है।
01 May 2026