
उदयपुर नगर निगम ने अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान को सीज कर दिया गया। निगम का कहना है कि पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित संचालकों ने निर्धारित समय में सुधार नहीं किया। इसके बाद निगम ने सख्त कदम उठाया। वीओ - उदयपुर शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर निगम उदयपुर ने सख्त रुख अपनाते हुए दो प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर की गई, जो लगातार शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बनाए हुए हैं। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि नगर निगम के अग्निशमन विभाग द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण और सर्वे किया जा रहा है। इसी दौरान मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान में अग्नि सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर कमी पाई गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी कर अग्निशमन उपकरण स्थापित करने, फायर सेफ्टी सिस्टम दुरुस्त करने, आपातकालीन निकास मार्ग सुनिश्चित करने और अन्य सुरक्षा मानकों की पालना के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए निर्धारित समयावधि भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद संचालकों ने आवश्यक सुधार नहीं किए और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने में लापरवाही बरती। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थान, होटल, अस्पताल, व्यावसायिक भवन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी सीधे तौर पर जनजीवन को खतरे में डाल सकती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शहर में अन्य प्रतिष्ठानों का भी सर्वे और निरीक्षण लगातार जारी है। जहां भी अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे और समय पर सुधार नहीं होने पर सीजिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा और निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निगम ने सभी संस्थान संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

25 Jun 2026