
उदयपुर में रात के समय हुई बिजली कटौती ने फतहपुरा क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ा दी। क्षेत्रवासियों के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने पर लोग फतहपुरा चौराहा स्थित बिजली विभाग के शिकायत केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। इसके बाद क्षेत्रवासी मधुबन स्थित एईएन कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां भी गार्ड के अलावा कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिला। लोगों का कहना है कि उन्होंने संबंधित एईएन और जेईएन को कई बार फोन किए, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इससे क्षेत्रवासियों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली बंद होने के बाद लोग लगातार शिकायत करने का प्रयास करते रहे, लेकिन विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ी। रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं क्षेत्रवासी और जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता सौरभ वशिष्ट ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती करना अब आम बात हो गई है। उनका कहना है कि विभाग की ओर से जवाबदेही दिखाई नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल जमा नहीं होने पर विभाग तुरंत कार्रवाई करता है, लेकिन बिजली बंद होने पर अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग रात्रिकालीन शिकायत व्यवस्था को प्रभावी बनाए और बिजली कटौती की स्थिति में अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

25 Jun 2026