
निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर उदयपुर का विश्व प्रसिद्ध जगदीश मंदिर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया। तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया और दिनभर दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भजनों की मधुर ध्वनि के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ स्वरूप श्री जगदीश के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी रही। निर्जला एकादशी को लेकर मंदिर में विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु उपवास और पूजा-अर्चना के साथ बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे। दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मंदिर मंडल समिति की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन के लिए समिति के सदस्य विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और पूरी निष्ठा के साथ व्यवस्थाओं का संचालन करते नजर आए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान रखा गया ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर मंदिर मंडल समिति द्वारा प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजन में भाग लिया।