
यह कार्रवाई उदयपुर जिले के थाना खेरोदा क्षेत्र में की गई है। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिलेभर में सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशानुसार यह अहम कार्रवाई अंजाम दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और डीएसपी वल्लभनगर राजेन्द्र सिंह जैन के सुपरविजन में थाना खेरोदा के थानाधिकारी सुरेश विश्नोई अपनी टीम के साथ आसूचना के आधार पर कार्रवाई में जुटे। पुलिस टीम ने मेनपुरिया गांव के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुल 113 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही डोडा चूरा को जब्त करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन पवन के नाम दर्ज है। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की अग्रिम जांच कानोड थानाधिकारी राम कुमार भादु द्वारा की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाइयों के संकेत दिए गए हैं।
01 May 2026