
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और डीएसपी राजेन्द्र सिंह जैन के सुपरविजन में भीण्डर थानाधिकारी रामकुमार भादू की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरतलाई में अवैध रूप से हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। इस सूचना पर जब पुलिस ने बोरतलाई मोड़ पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मौके पर आरोपी किशनलाल अपने दो बेटों हेमराज और हीरालाल के साथ मिलकर बिना किसी वैध लाइसेंस के बंदूकों की फैक्ट्री संचालित कर रहा था। पुलिस ने मौके से 5 तैयार एकनाल टोपीदार बंदूकें और 2 अर्धनिर्मित बंदूकें बरामद की हैं। इसके साथ ही बंदूक बनाने में इस्तेमाल होने वाली वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर और अन्य तकनीकी सामग्री भी जब्त की गई है। पकड़े गए तीनों आरोपी इन हथियारों को बनाकर बाजार में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन लोगों को की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन शामिल है।