
ग्राहकों को सही मात्रा में पेट्रोल और डीजल मिले, इसे सुनिश्चित करने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने बुधवार को उदयपुर शहर के कई पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। खाद्य उपभोक्ता मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में विधिक माप विज्ञान के सहायक नियंत्रक भूपराज जाटव और निरीक्षक हिमानी सिंह सोलंकी शामिल रहे। टीम ने विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 और राजस्थान विधिक माप विज्ञान प्रवर्तन नियम 2011 के तहत सुखेर स्थित आर.के. फ्यूल, फतहपुरा स्थित दिग्गज फ्यूल, पटेल सर्कल स्थित करणी रूप सर्विसेज, बलीचा बायपास रोड स्थित केएसवी फिलिंग स्टेशन और मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित सालासर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की जांच की। जांच के दौरान पटेल सर्कल स्थित करणी रूप सर्विसेज पेट्रोल पंप पर बड़ी गड़बड़ी सामने आई। टीम को पता चला कि वहां ग्राहकों को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा था। शिकायत सही मिलने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप के दो नोजल बंद कर दिए। वहीं सुखेर स्थित आर.के. फ्यूल पर भी नियमों का उल्लंघन पाया गया। यहां आवश्यक प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं किए गए थे। इस पर विभाग ने दोनों पंपों पर दो-दो हजार रुपए का जुर्माना लगाया और कुल चार हजार रुपए की वसूली की गई। निरीक्षक हिमानी सिंह सोलंकी ने बताया कि विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं के अधिकार सुरक्षित रहें और किसी भी ग्राहक को कम मात्रा में ईंधन न मिले।

13 Jun 2026