
उदयपुर शहर के मल्लातलाई क्षेत्र स्थित गांधी नगर में रहने वाले लोग पिछले करीब आठ महीनों से गंदे और बदबूदार पानी की समस्या से परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नलों में सीवरेज मिला मटमैला पानी आ रहा है, जो पीने लायक नहीं है। स्थानीय निवासी सतीश बंधु का कहना है कि उनके इलाके में लंबे समय से सीवरेज का पानी पाइपलाइन में मिक्स होकर आ रहा है। पानी से तेज बदबू आती है और बच्चे लगातार बीमार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बस्ती के लोग अब तक करीब 50 बार वाटर वर्क्स कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार अधिकारी जांच का आश्वासन देकर चले जाते हैं और कुछ दिनों बाद समस्या फिर शुरू हो जाती है। सतीश बंधु के अनुसार जब तक इलाके में नई पाइपलाइन नहीं डाली जाएगी, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। हालांकि अधिकारियों की ओर से बार-बार नई लाइन डालने की बात कही जाती है, लेकिन यह कब होगी, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा। वहीं क्षेत्र के ही निवासी मुकेश कुमार भोई ने बताया कि पिछले आठ महीनों से नलों में सीवर लाइन का गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इससे बच्चों को पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगी हैं। उन्होंने बताया कि कई बार पानी के सैंपल भी लिए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में इंदौर में गंदा पानी पीने से कई लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। वहीं उदयपुर के कलडवास क्षेत्र में भी रहस्यमयी बीमारी से एक व्यक्ति की मौत और परिवार के कई लोगों के बीमार होने की घटना सामने आ चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
01 May 2026