
उदयपुर में पर्यटकों की सुरक्षा को परखने के लिए शुक्रवार को करणी माता रोपवे पर जिला प्रशासन की ओर से एक हाई-प्रोफाइल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एक काल्पनिक आपात स्थिति बनाई गई, जिसमें तकनीकी खराबी के चलते रोपवे की एक ट्रॉली को बीच हवा में ही रोक दिया गया। ट्रॉली के भीतर पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें हरकत में आईं। घटनास्थल पर तत्काल एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे। सिविल डिफेंस के जवानों ने साहस का परिचय देते हुए रस्सियों के सहारे हवा में झूलती ट्रॉली तक पहुंच बनाई। बचाव दल ने एक-एक कर सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान रोपवे के कर्मचारियों ने भी तकनीकी सहयोग प्रदान किया ताकि रेस्क्यू को कम से कम समय में पूरा किया जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि करणी माता रोपवे शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में किसी भी संभावित हादसे या तकनीकी खराबी के दौरान क्वीक रेस्पोन्स और जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसी ड्रिल अनिवार्य है। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रबंधन की खामियों को पहचानना और समन्वय को बेहतर बनाना है।

13 Jun 2026