
गोगुंदा कस्बे के मेघवाल मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले चोर मोहनलाल मेघवाल के घर में घुसे, जहां कमरे में रखी तीन लोहे की पेटियों के ताले तोड़ दिए गए। पेटियों में रखा सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त मिला। चोर यहां से करीब डेढ़ तोला सोना, पौन किलो चांदी के जेवरात और लगभग 50 हजार रुपये से अधिक की नगदी चोरी कर ले गए। इस घटना में मोहनलाल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद चोरों ने मांगीलाल मेघवाल के घर को निशाना बनाया। अलमारी में रखे सोने का मादलिया, आधा किलो से अधिक चांदी के जेवरात, बैग में रखे करीब 7 हजार रुपये नगद और बर्तन चोरी कर लिए गए। इसके बाद चोरों ने मोहनलाल के मकान के पास स्थित हमेरलाल के घर के ताले भी तोड़ दिए, लेकिन इसी दौरान मोहल्लेवासियों के जाग जाने से चोर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित मोहनलाल ने गोगुंदा पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और मौका मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मोहनलाल और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वर्षों की मेहनत से जोड़ी गई पूंजी चोरी हो जाने से दंपती सदमे में हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग तेज कर दी है।
05 Feb 2026