
उदयपुर शहर के भारतीय जनता पार्टी से जुड़े दो नेताओं के घर चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला अंबामाता थाना क्षेत्र का है, जहां 21 फरवरी को एकलव्य कॉलोनी स्थित बीजेपी एसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और थाने के सीएलजी मेंबर कैलाश निमावत के घर चोरी की वारदात हुई। चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर बाइक पर घर के बाहर घूमते, पैदल टहलते और फिर फर्स्ट फ्लोर पर बने कमरों में घुसते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि जिस समय चोरी हुई, पूरा परिवार ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था और किसी को भनक तक नहीं लगी। पीड़ित कैलाश निमावत ने बताया कि चोर ऊपर वाले कमरे से करीब 3 हजार रुपए नकद और पूजा का सामान चुरा ले गए। इसके साथ ही वे एक अलमारी की चाबी भी साथ ले गए। उसी अलमारी में करीब 20 हजार रुपए नकद, सोना-चांदी के आभूषण, कैमरा और कीमती घड़ी रखी हुई थी। चाबी रोजाना जिस स्थान पर रखी जाती थी, वहां से गायब मिली। सबसे गंभीर बात यह है कि घटना के 6 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़ित का कहना है कि वे तीन से चार बार थाने के चक्कर काट चुके हैं, लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ का कहना है कि लिखित शिकायत ली गई है और जांच जारी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की जांच की जा रही है। इधर, कॉलोनीवासियों का कहना है कि इलाके में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं और लोग दहशत में हैं, जबकि पुलिस की देरी चिंता का कारण बनी हुई है।
01 May 2026