
उदयपुर में बलीचा स्थित पंडित दीनदयाल नगर R-4 में दिनदहाड़े राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी हो गई। चोर यहां रखा दानपात्र उठाकर ले गया। इसमें करीब 500 रुपए थे। दूसरे दानपात्र में करीब 4500 रुपए थे, लेकिन वजन में भारी होने की वजह से चोर इसे ले जाने में कामयाब नहीं नहीं हो पाया। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में चोर चोरी करने से पहले भगवान के सामने हाथ जोड़ता दिखाई दे रहा है। फिर खिड़की से इधर-उधर देखकर थैली में दानपात्र को छिपाकर ले जाता है। सोसायटी सचिव आनंद यादव ने चोरी की घटना को लेकर गोवर्धन विलास थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चोर को जल्द पकड़ने की मांग की है।क्षेत्रवासी विजय रणवां और देवेन्द्र रैगर ने बताया कि हमने अपने स्तर पर आसपास की बस्तियों में चोर को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। पूछताछ में सामने आया कि दो सप्ताह पहले पास ही बलीचा मंडी स्थित हनुमानजी मंदिर में भी दानपात्र चोरी हुआ था। बाद में लोगों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।