
उदयपुर जिले के करकेला धाम की पहाड़ी से रात को होलिका दहन के बाद वापसी के समय पहाड़ी पर अनियंत्रित होकर पिकअप गाड़ी करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वहां घायल हुए 6 लोगों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। उदयपुर और सलूम्बर जिले की सीमा पर स्थित रजोल एवं धनकावाडा में संयुक्त रूप से करकेला धाम में होलिका दहन को देखने के लिए सोमवार को करीब 8 हजार से ज्यादा लोग पहाड़ी पर चढ़े। होलिका दहन होने के साथ ही सब अपने-अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वहां लगे मेले में कुल्फी और गुब्बारे बेचने वाला एक ग्रुप पिकअप गाड़ी में केजड़ की तरफ लौट रहा था। पहाड़ी उतरते समय गाड़ी असंतुलित होकर 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। यह इलाका सेमारी पुलिस थाना क्षेत्र में आता है।इसी दौरान आसपास से बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे तो गाड़ी गिरते ही शोर मचाया। उस पहाड़ी में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और गाड़ी के अंदर ड्राइवर सहित 6 जनों को बाहर निकाला। सभी के चोटें आई थी और सभी को अस्पताल ले गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि इस पहाड़ी वाली रोड पर जगह-जगह डामरीकरण उखड़ गया है। यहां से गुजरने वाले वाहन ड्राइवरों को सड़क क्षतिग्रस्त होने से अनियंत्रित होने के साथ हादसे का डर हर समय सताता है।
01 May 2026