
उदयपुर संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल चिकित्सालय के में इन दिनों पैर रखने की जगह नहीं है। मार्च के शुरुआती पखवाड़े में जहाँ लोग तेज धूप और गर्मी से परेशान थे, वहीं पिछले दो दिनों में हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गयी। तापमान में आए इस उतार-चढ़ाव ने वायरल इंफेक्शन, सर्दी-खांसी और तेज बुखार जैसी बीमारियों को न्योता दे दिया है। एमबी अस्पताल की ओपीडी में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या सामान्य से काफी अधिक दर्ज की जा रही है। अस्पताल के मेडिसिन और पीडियाट्रिक विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है, जहाँ छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मौसमी बीमारियों की चपेट में नजर आ रहे हैं। रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर डॉक्टर के चैंबर तक, हर तरफ मरीजों की लंबी-लंबी कतारें प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई हैं। वरिष्ठ चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में अचानक आये बदलाव की वजह से वायरल का प्रकोप बढ़ा है। उन्होंने आमजन को सलाह दी है कि वे खान-पान का विशेष ध्यान रखें और ठंडी चीजों के सेवन से बचें। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि मरीजों को जल्द से जल्द उपचार मिल सके।