
रात करीब 2 बजे झाडोल के सती चौराहा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला अपनी झोपडी में सो रही थी। इसी दौरान चोर झोपडी के अंदर घुसे और सो रही महिला की नाक से नथ तोड़कर ले गए। अचानक नाक से नथ खींचे जाने से महिला घायल हो गई और खून बहने लगा। दर्द से परेशान महिला ने शोर मचाया तो आसपास रहने वाले ग्रामीण उसकी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए झाड़ोल उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। वारदात की सूचना मिलने पर झाड़ोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा सके। बताया जा रहा है कि जिस झोपडी में बुजुर्ग महिला सो रही थी, वहां पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। ऐसे में लगातार हो रही वारदातों को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।