
त्योहारों से पहले मिठाई और घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाली चीनी के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। बीते दस दिनों में चीनी के भाव में करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को थोक मंडी में चीनी का भाव 64 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया, जबकि खुदरा दुकानों पर ग्राहकों को इसके लिए 66 रुपए प्रति किलो तक चुकाने पड़ रहे हैं। अचानक आई इस तेजी ने थोक कारोबारियों को भी असमंजस में डाल दिया है। रोज बढ़ते भाव के चलते कई विक्रेता मंडियों से नया माल खरीदने से बच रहे हैं। कारोबारियों के पास भी कीमतों में इस अप्रत्याशित उछाल की कोई स्पष्ट वजह नहीं है। हालांकि, बाजार में इसे मिल मालिकों की मनमानी और प्रशासनिक निगरानी की कमी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालात यह हैं कि प्रमुख कंपनियों की चीनी के दाम लगभग एक समान हो गए हैं। ऐसे में स्थानीय कारोबारियों के पास ग्राहकों को सस्ती चीनी उपलब्ध कराने का विकल्प भी नहीं बचा है। चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच गुड़ के भाव भी लगातार ऊपर जा रहे हैं। त्योहारों में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही कीमतों में और बढ़ोतरी हुई तो इसका सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ सकता है। ऐसे में बाजार में कीमतों की निगरानी और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

19 Aug 2026