
अजमेर जिले के गोविंदगढ़ में टेलरिंग का काम करने वाले बुजुर्ग को आयकर विभाग से 975 करोड़ का नोटिस मिला है। गोविंदगढ़ निवासी रेखराज ठाड़ा (62) महीने के 15 हजार रुपए कमाते हैं। ऐसे में 13 अगस्त 2026 को सूरत (गुजरात) से आया आयकर विभाग का नोटिस उनके लिए चौंकाने वाला था। नोटिस के मुताबिक, रेखराज सूरत की रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर हैं। उन पर 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपए की टैक्स रिकवरी निकाली गई है। रेखराज का कहना है कि उन्होंने न कोई कंपनी चलाई और न ही कभी गुजरात गए। मामले की जानकारी मिलने पर परिजन ने एक परिचित सीए की मदद से रिकॉर्ड की पड़ताल कराई। रेखराज के अनुसार, इसमें सूरत की एक दूसरी कंपनी जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड में भी उनका नाम डायरेक्टर के तौर पर सामने आया। रेखराज ने पीसांगन थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय परिवाद लिया। इसके बाद वह अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचे। एडिशनल एसपी ग्रामीण लालचंद कायल को मामले की जानकारी दी। उन्होंने जांच का आश्वासन देते हुए परिवाद दर्ज कराया। रेखराज ने बताया कि 13 अगस्त को मिले आयकर विभाग के नोटिस में उन्हें 20 अगस्त तक सूरत पहुंचकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था। उन्होंने नोटिस का जवाब ईमेल के जरिए भेज दिया है। रेखराज का दावा है कि उनके पैन कार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर बना दिया। उनके अनुसार, यह कंपनी 2011 से संचालित बताई गई है, लेकिन उन्हें इसकी बिल्कुल जानकारी नहीं है। उन्हें इसकी जानकारी आयकर विभाग के नोटिस से ही हुई। रेखराज ने बताया कि वह टेलर हैं और कभी गुजरात नहीं गए। नोटिस मिलने के बाद परिवार तनाव में है। रेखराज, उनके दो बेटे और एक भाई मामले की जांच के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।