
डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में स्थित वन मंडल की आंतरी रेंज के अंतर्गत नाका दामड़ी के डोलवर क्षेत्र में बुधवार को एक मादा लेपर्ड मृत अवस्था में पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। लेपर्ड के मृत मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। वन विभाग ने मृत मादा लेपर्ड के शव को कब्जे में लेकर दोवड़ा वन नाका पहुंचाया। जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन पाटीदार, डॉ. निशांत परमार और डॉ. युक्ति परमार ने मादा लेपर्ड की जांच की। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मादा लेपर्ड गर्भवती थी और उसके गर्भ में दो शावक पल रहे थे, जिनकी मादा लेपर्ड के साथ ही मौत हो गई। देर शाम वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम की मौजूदगी में मादा लेपर्ड का पोस्टमार्टम किया गया।पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार लेपर्ड का अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में मौत के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सके हैं। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि कुछ दिन पहले साबला क्षेत्र में एक लेपर्ड के शिकार की घटना सामने आई थी, जिसमें शिकारियों ने उसके नाखून और जबड़ा काट लिया था। ऐसे में इस मादा लेपर्ड की मौत को लेकर भी शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है।
01 May 2026