
उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में पालीदाणा गांव के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हडकम्प मच गया। जानकारी के अनुसार शव क्षेत्र के माताजी के मंदिर के पास एक गड्ढे में पड़ा मिला। उसके बाद वहां पर मौजूद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच की और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे मामले में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला किसी हादसे का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक एंगल भी हो सकता है। पुलिस आसपास के गांवों में भी युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के हालात और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल युवक की शिनाख्त होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला हत्या का है या फिर किसी हादसे का। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
01 May 2026