
बांसवाड़ा शहर के वार्ड नंबर 24 में टूटी सड़क अब सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं रही, बल्कि जन आक्रोश का बड़ा मुद्दा बन चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने सड़क की खुदाई तो कर दी, लेकिन इसके बाद लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। टूटी और उबड़-खाबड़ सड़क के कारण क्षेत्र में रोजाना पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों, ठेकेदारों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। आश्वासन तो मिले, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते अब वार्डवासियों ने विरोध का तरीका बदल दिया है। इलाके में जगह-जगह नेताओं की नो-एंट्री और जब तक सड़क नहीं, तब तक वोट नहीं जैसे पोस्टर लगाए गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो वे आने वाले चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। फिलहाल प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई और कार्य पुरा करने को लेकर समय सीमा सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या टूटी सड़क की मरम्मत होगी या फिर जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।
01 May 2026