
बांसवाड़ा शहर से सटे धामनिया इलाके में डम्पिंग यार्ड स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। श्री सिंधी पंचायत के बैनर तले एडीएम ऑफिस पहुँचे क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस यार्ड के पास राज कॉलोनी, बालाजी नगर और संत कंवरराम नगर जैसी पाँच प्रमुख कॉलोनियां स्थित हैं, जहाँ करीब 500 से अधिक परिवार रहते हैं। डम्पिंग यार्ड से उठती दुर्गन्ध और दिन-रात फैलते प्रदूषण ने यहाँ के निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। समस्या सिर्फ आवासीय क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यार्ड के ठीक पास सेंट मैथ्यूज़ और सेंट थॉमस सेकेंडरी स्कूल भी संचालित हैं। इन स्कूलों में रोजाना सैकड़ों बच्चे पढ़ाई के लिए आते हैं, जिनकी सेहत पर कचरे से फैलने वाले संक्रमण का सीधा खतरा मंडरा रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यहाँ एक हॉस्टल का निर्माण भी चल रहा है, लेकिन प्रदूषण के चलते भविष्य में यहाँ रहना नामुमकिन हो जाएगा। पंचायत के पदाधिकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि पहले भी कई बार नगर परिषद और जिला प्रशासन को इस समस्या से रूबरू कराया गया था, लेकिन कागजी आश्वासनों के अलावा धरातल पर कुछ नहीं हुआ। यार्ड के कचरे से जहरीली गैसें और मच्छर पनप रहे हैं, जिससे इलाके में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस डम्पिंग यार्ड को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
01 May 2026