
यह पूरी घटना उदयपुर शहर के मीरा नगर इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप की है। यहां कार्यरत सेल्समैन राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 14 फरवरी की रात वह अपने नियमित काम पर तैनात था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उनमें से एक युवक खुलेआम सिगरेट पी रहा था। सुरक्षा नियमों और संभावित खतरे को देखते हुए सेल्समैन ने उसे सिगरेट पीने से मना किया। इस बात से नाराज होकर युवक पहले तो गाली-गलौच करते हुए वहां से चले गए, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद वही युवक अपने 6-7 अन्य साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर दोबारा लौट आए। आते ही सभी बदमाशों ने सेल्समैन राजेश कुमार सिंह पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान एक युवक ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल सेल्समैन को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सेल्समैन की ओर से सुखेर थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। यह पुरी वारदात वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
01 May 2026