
बांसवाड़ा पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जिले भर में शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में दानपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आम्बापाड़ा और मोजा गड़ क्षेत्र के नालों के पास अवैध शराब बनाने का काला धंधा बड़े स्तर पर संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही गठित टीम ने चिन्हित स्थानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस को आम्बापाड़ा में खेतों के पास नाले किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया करीब 400 लीटर महुआ वॉश बरामद हुआ, जिसे पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके बाद मोजा गड़ क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक धधकती भट्टी और भारी मात्रा में लहन मिला। यहाँ करीब 500 लीटर महुआ वॉश का भंडारण किया गया था, जिसे नष्ट कर भट्टी को तोड़ दिया गया। पुलिस ने मौके से 11 लीटर तैयार देशी महुआ शराब और शराब बनाने के तमाम उपकरण भी जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस की भनक लगते ही दो व्यक्ति मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर कांतिलाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।