
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर युवक ने जमकर उत्पात मचाया। पंप मालिक के बेटे पर भी हमला करने कोशिश की।सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक पेट्रोल पंप पर पत्थर फेंकता दिख रहा है। मामला उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र का है।रायना स्थित एलएनआर एचपी फ्यूलिंग पंप के मालिक राजेश कोठारी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे दो युवक बोलेरो गाड़ी में आए थे।उन्होंने 500 रुपए का डीजल भरवाया था। डीजल भरवाने के बाद वे पैसे देने में आनाकानी करने लगे और स्टाफ से बहस की।पंप मालिक ने बताया कि युवकों ने उनसे और स्टाफ से मारपीट भी की। इसके बाद धमकी देकर बिना पैसे दिए वापस चले गए।करीब एक घंटे बाद एक युवक दोबारा पंप पर आया। उसने पंप पर खड़ी गाड़ियों, मशीनों और केबिन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पंप मालिक के बेटे प्रथम पर भी हमला करने की कोशिश की।पत्थरबाजी में पेट्रोल पंप की तीन मशीनों की डिस्प्ले, एक मशीन की पीसी और केबिन के कांच टूट गए और काफी नुकसान हुआ। घटना की सूचना पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पंप मालिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

13 Jun 2026