
उदयपुर के गुलाब बाग में गांधी मूर्ति के समीप जिस पार्क की बदहाली और सूखे पड़े फव्वारों की तस्वीर न्यूज़-91 ने उजागर की थी, वहाँ अब फिर से पानी की फुहारें उठने लगी हैं। हमारी रिपोर्ट में दिखाया गया था कि किस तरह एसआरजी फाउंडेशन ने प्रकृति की सेवा के नाम पर बड़े-बड़े बोर्ड तो लगा रखे थे, लेकिन हकीकत में फव्वारे धूल फांक रहे थे। खबर प्रसारित होने के बाद नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हुए और निजी संस्था को सख्त निर्देश दिए गए। नतीजा यह रहा कि बंद पड़ी मशीनों की मरम्मत की गई और अब फव्वारे अपनी पूरी गति के साथ चल रहे हैं। बुधवार को जब न्यूज -91 के संवाददाता ने दोबारा पार्क का दौरा किया, तो वहा का नजारा बदला हुआ था। फव्वारों के शुरू होने से न केवल इलाके में ठंडक लौटी है, बल्कि यहाँ आने वाले पर्यटकों के चेहरों पर भी मुस्कान देखी गई। स्थानीय निवासियों ने न्यूज़-91 का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया के हस्तक्षेप के बाद ही सोता हुआ प्रशासन जागा है। अब पर्यटकों को यहाँ केवल विज्ञापन के बोर्ड ही नहीं, बल्कि एक जीवंत और खूबसूरत पार्क देखने को मिल रहा है। आपको बता दे कि गुलाब बाग में उदयपुर ही नही बाहर से आने वाले पर्यटक भी यहां पर घुमने आते है। ऐसे में यहां पर बंद पडे फव्वारों के चलते उन्हें मायूस होकर ही यहां से लोटना पडता था। लेकिन अब फिर से फव्वारे शुरू होने से इस पार्क की खुबसुरती लौट आयी है।