
उदयपुर में यूडी टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम सुबह से ही एक्शन मोड में नजर आई और शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में बकाया टैक्स वाली व्यावसायिक संपत्तियों को सीज कर दिया गया। सबसे पहले भूपालपुरा क्षेत्र में स्थित बजाज भवन पर कार्रवाई की गई। लक्ष्मण दास और किसनदास बजाज की इस संपत्ति पर 1 लाख 31 हजार 410 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। इसके बाद निगम की टीम चेतक सर्किल पहुंची, जहां भगवत सिंह छाबड़ा की संपत्ति को सीज किया गया। यहां 1 लाख 89 हजार 90 रुपए का टैक्स लंबे समय से बकाया था। तीसरी कार्रवाई आयड़ धुलकोट से ठोकर चौराहा रोड पर स्थित जयप्रकाश चौहान के श्रीनाथ सर्विस सेंटर पर की गई, जहां 1 लाख 32 हजार रुपए टैक्स बकाया होने के कारण ताला जड़ा गया। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि इन सभी व्यावसायिक संस्थानों को पहले ही बकाया टैक्स जमा करने के नोटिस जारी किए जा चुके थे। बार-बार चेतावनी के बावजूद टैक्स जमा नहीं होने पर राजस्थान नगरपालिका अधिनियम-2009 के तहत यह कार्रवाई की गई। राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री और विजय जैन के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और व्यावसायिक गतिविधियां बंद करवाई गईं। निगम की सख्ती का असर भी तुरंत देखने को मिला। चेतक सर्किल स्थित जिस संपत्ति को सुबह सीज किया गया था, उसके मालिक भगवत सिंह छाबड़ा ने दोपहर में निगम कार्यालय पहुंचकर पूरा बकाया 1 लाख 89 हजार 90 रुपए जमा करवा दिया, जिसके बाद उनकी संपत्ति से सीज हटा दी गई। आयुक्त खन्ना ने शहरवासियों से अपील की है कि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही यूडी टैक्स में छूट का लाभ 31 मार्च तक उठाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर टैक्स जमा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा और बकायादारों की संपत्तियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।