
पाली जिले के साण्डेराव थाना क्षेत्र में एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपनी मासूम बेटी के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। प्रार्थी जगाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन संतोष, जिसकी शादी साल 2013 में कोटड़ी निवासी नेमाराम प्रजापत से हुई थी, 8 मार्च 2026 को बीमार होने के कारण अपने पीहर ढोला शासन आई थी। इलाज करवाने के बाद 12 मार्च 2026 को संतोष अपनी 6 वर्षीय बेटी गुंजन के साथ वापस ससुराल जाने के लिए निकली। दोपहर करीब 2.40 बजे जगाराम ने उसे ढोला बस स्टैंड से खालसा बस में बैठाया। संतोष ने अपने पति को फोन पर बताया था कि वह रानी स्टेशन उतरकर वहां से जोजावर की बस पकड़कर शाम 7 बजे तक कोटड़ी पहुंच जाएगी। लेकिन देर शाम तक वह अपने ससुराल नहीं पहुंची। जब परिवार ने बस स्टैंड और रास्ते में पूछताछ की, तो पता चला कि वह संबंधित बस से उतरी ही नहीं और न ही रानी से जोजावर जाने वाली बस में चढ़ी। इसके बाद परिजनों ने ढोला, रानी और जोजावर सहित रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को आशंका है कि संतोष और उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
01 May 2026