
बेडवास क्षेत्र में गुरुवार को लोगों का सब्र टूट गया। सड़क हादसे में नाबालिग छात्र की मौत से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बेडवास कॉलोनी को बसे लगभग 25 साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक यहां सड़क सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ताजा मामला बुधवार शाम का है, जब एक तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूल से घर लौट रहे नाबालिग छात्र को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे हादसे की भयावहता साफ नजर आती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे में जान गंवाने वाले छात्र की पहचान गौरांश शर्मा के रूप में हुई है। मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, सड़क संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।
06 Feb 2026