
उदयपुर के बड़गांव क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लेपर्ड के मूवमेंट से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बड़गांव मेन रोड पर हल्दीघाटी हाउस के पास स्थित श्री कॉम्पलेक्स कॉलोनी में अचानक लेपर्ड आबादी क्षेत्र में आ पहुंचा। कॉलोनीवासियों के अनुसार, लेपर्ड एक घर के एंट्री प्वाइंट पर फाटक से जुड़ी दीवार पर चढ़ा और कुछ सेकेंड रुकने के बाद कूदकर आगे की ओर निकल गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। बड़गांव के प्रशासक संजय व्यास ने बताया कि कॉलोनी निवासी मदनलाल व्यास के घर के पास लेपर्ड देखा गया था, जिसके बाद वह गली से होते हुए आगे निकल गया। व्यास परिवार के सदस्य दीपक व्यास ने बताया कि सुबह करीब सवा छह बजे सामने रहने वाली एक महिला ने गली से लेपर्ड निकलने की सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। जब कैमरे चेक किए गए तो सुबह 5 बजकर 52 मिनट पर लेपर्ड घर के एंट्री प्वाइंट पर चढ़ता हुआ दिखाई दिया। दीपक व्यास के अनुसार लेपर्ड वहां से आगे कृषि विज्ञान केंद्र की दिशा में चला गया। उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष 16 जनवरी 2025 को भी इसी गली में लेपर्ड सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। घटना की जानकारी फैलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की सख्त हिदायत दी गई। कॉलोनीवासियों की सूचना पर प्रशासक संजय व्यास ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

07 Feb 2026