
उदयपुर शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सूरजपोल थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार और बाइक सवार जोमेटो डिलीवरी बॉय के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा रात करीब 12 बजे सूरजपोल गेट पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सूरजपोल से मल्लातलाई की ओर जा रही थी। इसी दौरान बापूबाजार की तरफ से सूरजपोल गेट की ओर रॉन्ग साइड से आ रहा जोमेटो डिलीवरी बॉय अचानक कार के सामने आ गया। दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक और कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल युवक की हालत गंभीर देख लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों से हादसे की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में बाइक सवार के रॉन्ग साइड से आने की बात सामने आई है।