
डूंगरपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोवड़ा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत लोकेट ऐप के जरिए लोगों से ठगी के एक मामले में FIR दर्ज नहीं करने की एवज में मांगी गई थी। एसीबी के डीएसपी रतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 18 जनवरी को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि वह नयागांव स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़ा था, तभी दोवड़ा थाने की पुलिस गाड़ी वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उससे एक व्यक्ति का पता पूछा, फिर नाम पूछकर उसका मोबाइल ले लिया। मोबाइल की जांच करते हुए उस पर ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी करने का आरोप लगाया गया और उसे गाड़ी में बैठाकर थाने की ओर ले जाने लगे। रास्ते में कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार ने कहा कि वह सीआई से बात करके मामला दर्ज नहीं होने देगा और मोबाइल भी वापस कर देगा। साथ ही मुकदमा दर्ज होने पर जेल और जमानत में परेशानी का डर दिखाया गया। बाद में परिवादी को रास्ते में उतारकर उससे दो लाख रुपए की मांग की गई। एसीबी द्वारा 28 जनवरी को सत्यापन कराया गया, जिसमें 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी परिवादी को कार में बैठाकर फलोज तिराहे तक ले गए और रकम डैशबोर्ड पर रखवाई। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। एसीबी टीम ने पीछा करते हुए आसपुर रोड पर एक होटल के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो सकी है। फिलहाल एसीबी टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

06 Feb 2026