
देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर राजस्थान के उपभोक्ताओं पर भी पड़ा है। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपए और 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में 114 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरों के मुताबिक राजस्थान में घरेलू गैस सिलेंडर सबसे महंगा उदयपुर में मिलेगा। यहां पहले सिलेंडर की कीमत 884 रुपए 50 पैसे थी, जो अब बढ़कर 944 रुपए 50 पैसे हो गई है। वहीं जयपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 856 रुपए 50 पैसे से बढ़कर 916 रुपए 50 पैसे हो गई है। कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। जयपुर में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1796 रुपए 50 पैसे के बजाय 1911 रुपए में मिलेगा। गौरतलब है कि करीब 11 महीने बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। अब उपभोक्ता सिलेंडर की अगली बुकिंग डिलीवरी के 21 से 25 दिन बाद ही कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर यदि किसी उपभोक्ता ने 1 तारीख को सिलेंडर बुक किया और 2 तारीख को डिलीवरी मिल गई, तो वह अगली बुकिंग 21 या 25 दिन बाद ही कर पाएगा। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस साल जनवरी से मार्च के बीच ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर करीब 302 रुपए तक महंगा हो चुका है।
01 May 2026