
उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। शनिवार शाम गोगुंदा-झाड़ोल मार्ग पर मजावद गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क और पास के गड्ढों में जा गिरे। हादसे में मौके पर ही लखमाराम गमेती, नेमीचंद गमेती और पंकज गमेती की मौत हो गई थी। तीनों आपस में रिश्तेदार थे और मोडवा गांव के निवासी थे। इलाज के दौरान रविवार सुबह एमबी अस्पताल में रूपा गमेती ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल 30 लोग घायल हुए थे, जिनमें 13 बच्चे शामिल हैं। पिकअप में करीब 40 लोग सवार थे। 11 घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही गोगुंदा पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि सभी पीड़ित मोडवा गांव के रहने वाले हैं और बगडुंदिया गांव में शादी से पहले कपड़े खरीदने गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक वाहन तेज गति से चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
01 May 2026