
उदयपुर से मंदिर दर्शन कर लौट रहे थेचित्तौड़गढ़ में शुक्रवार की रात ओवरटेक करते समय कंटेनर और पिकअप गाड़ी में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप ड्राइवर समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 14 से महिला श्रद्धालु व बच्चे घायल हो गए। वहीं कंटेनर ड्राइवर नंदकिशोर शर्मा (45) भी घायल हो गया। घटना निकुंभ थाना क्षेत्र में वागन नदी की पुलिया पर शुक्रवार की रात करीब 8 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार- पिकअप सवार सभी महिलाएं प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव से उदयपुर के मावली से दशा माता मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में पिकअप ड्राइवर ओंकार सिंह और प्रतापगढ़ निवासी झूमा कंवर (45) पत्नी लोकेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल कंटेनर ड्राइवर का निकुंभ हॉस्पिटल में इलाज जारी है। उदयपुर से मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु थाना अधिकारी राम सिंह ने बताया- पिकअप में सवार सभी लोग प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव के रहने वाले थे। इनमें ड्राइवर के अलावा करीब 14 महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी उदयपुर जिले के मावली स्थित दशा माता मंदिर से दर्शन कर बंबोरी गांव लौट रहे थे।पिकअप गाड़ी निकुंभ होते हुए बंबोरी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान नपावली के पास वागन नदी की पुलिया पर कंटेनर से भिड़ंत हो गई। शुरुआती जांच के अनुसार- जैसे ही पिकअप पुलिया पर चढ़ी, उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रहा कंटेनर ओवर टेक करने की कोशिश में अचानक अपनी साइड बदलकर दूसरी तरफ आ गया। इसके कारण सामने से आ रही पिकअप सीधे उसकी चपेट में आ गई।टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी पुलिया की सड़क से उतर कर नीचे झाड़ियों में चली गई। हादसे में पिकअप ड्राइवर सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। श्रद्धालु गाड़ी में फंस गए, जिससे कई महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना में कंटेनर ड्राइवर नंदकिशोर शर्मा (45) भी घायल हुआ है, जिसका इलाज निकुंभ के हॉस्पिटल में ही चल रहा है। घायलों से मिलने निंबाहेड़ा हॉस्पिटल पहुंचे विधायक हादसे की सूचना पर निकुंभ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाल निकुंभ हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके बाद पूजा (40) पत्नी पवन मेघवाल, निर्मल कंवर (30) पत्नी नरपत सिंह पंवार, रक्षा (55) पत्नी कैलाश सिंह पंवार, मिथिलेश (40) पत्नी पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, पीहू (15) पुत्री पुष्पेंद्र सिंह पंवार, किरण (40) पत्नी चंदन सिंह पंवार, चंदा (55) पत्नी नारायण सिंह पंवार, गौरवी (11) पुत्री पुष्पेंद्र सिंह, घनश्याम कंवर (55) पत्नी भोपाल सिंह, यशस्वी राज (12) पुत्र लोकेंद्र सिंह, आदित्य (14) पुत्र चंदन सिंह, दशरथ कंवर (45) पत्नी धीरज सिंह, तारा कंवर (36) पुत्र कालू सिंह, नीतू कंवर (39) कैलाश सिंह राजपूत घायल हो गए, जिन्हें निंबाहेड़ा रेफर किया गया था। वहां यशस्वी राज, आदित्य, दशरथ कंवर, नीतू कंवर, पूजा मेघवाल, किरण को उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही विधायक श्रीचंद कृपलानी निंबाहेड़ा हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी लीं।भीषण हादसे के कारण सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह जाम हो गया। पुलिस ने कंटेनर को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की और यातायात को धीरे-धीरे चालू करवाया। फिलहाल सड़क पर वन-वे यातायात शुरू कर दिया गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।