
चित्तौड़गढ़ के गंगरार में नर्सिंग डिग्री जारी करने की मांग को लेकर मेवाड़ यूनिवर्सिटी में छात्रों और प्रबंधन के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से छात्र अपनी डिग्री जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करने की बजाय सख्ती का रास्ता अपना रहा है। हालात यह हो गए हैं कि आंदोलन में शामिल छात्रों को अब यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर बने क्लास एरिया में भी प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा।छात्रों का कहना है कि जिस कैंपस में उन्होंने पढ़ाई की, अब उसी कैंपस में उन्हें जाने से रोका जा रहा है। इससे छात्रों में रोष और नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से नर्सिंग डिग्री जारी करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।गौरतलब है कि इससे पहले आंदोलन के दौरान प्रशासन ने एक दर्जन से अधिक छात्रों के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास और राजकार्य में बाधा जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। इन छात्रों को जेल तक भेजा जा चुका है। इसके बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक नर्सिंग डिग्री से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कैंपस में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा।
01 May 2026