
उदयपुर दौरे पर पहुंचे मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने फतहसागर झील के बीच स्थित नेहरू पार्क का निरीक्षण किया और इसे पर्यटन की दृष्टि से बेहद अच्छी जगह बताया। अधिकारियों के साथ भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि इस स्थान पर अधिक से अधिक पर्यटक आएं, इसके लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। निरीक्षण के दौरान यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया कि नेहरू पार्क में प्रतिदिन करीब 1200 पर्यटक पहुंचते हैं। इस पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि एयरपोर्ट और अन्य प्रमुख स्थानों पर इसका प्रमोशन किया जाए। साथ ही होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर टूरिस्ट कनेक्टिविटी मजबूत करने और पर्यटकों को यहां तक लाने के प्रयास तेज करने की बात कही। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि वर्तमान में यह स्थल शाम ढलते ही बंद हो जाता है, लेकिन यूडीए द्वारा समय बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे रात के समय रोशनी और सजावट के बीच भी पर्यटक यहां ठहर सकें और संख्या में बढ़ोतरी हो। इसके बाद मुख्य सचिव ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज और एमबी हॉस्पिटल परिसर का दौरा किया। उन्होंने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और ट्रॉमा इमरजेंसी का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और मेरा अस्पताल मेरी जिम्मेदारी जैसे नवाचारों की जानकारी ली। दौरे के क्रम में वे आरएसएमएमएल मुख्यालय और बलीचा स्थित आईआईएम उदयपुर भी पहुंचे, जहां संस्थागत गतिविधियों और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
01 May 2026