
उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चेन स्नैचिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना गुरुवार सुबह की है, जब सेलिब्रेशन मॉल के बाहर जैन मंदिर से लौट रही एक बुजुर्ग महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, बदमाश पहले से ही मौके पर नजर बनाए हुए थे। जैसे ही महिला मंदिर से बाहर निकली और घर की ओर बढ़ी, तभी दोनों आरोपियों ने तेजी से बाइक महिला के पास रोकी और उसे धक्का देकर गिरा दिया। महिला संभल पाती, इससे पहले ही बदमाश उसके गले से चौन छीनकर मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान पास में मौजूद एक दुकानदार ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में भाग निकले। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है।
01 May 2026