
उदयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर मंगलवार को भारी संख्या में सेन समाज के लोग एकत्रित हुए। समाज के छह प्रमुख संगठनों—नई जागृति मंच, सेन संयुक्त संगठन, सेन केश कला संस्थान, राष्ट्रीय नाई महासभा, सेन युवा क्रांति और अखिल भारतीय सेन समाज के पदाधिकारियों ने इस विरोध प्रदर्शन में शिरकत की। मामला बीकानेर का है, जहां 8वी कक्षा में पढ़ने वाली एक 13 साल की बच्ची को परीक्षा देने जाते समय बीच रास्ते से अगवा कर लिया गया। थाना और स्कूल के बीच महज 500 मीटर के दायरे में इस वारदात को अंजाम दिया गया, जहां अपराधियों ने मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।समाज के प्रतिनिधि अशोक पालीवाल ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आज इंसानियत पूरी तरह गिर चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिल सके। इसके साथ ही सेन समाज ने पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक के मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
09 Sept 2026