
राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की राजसमंद इकाई ने एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में पंचायत समिति रायपुर में पदस्थ सहायक अभियंता प्रदीप कुमार को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी प्रदीप कुमार परिवादी के लंबित बिलों की मेजरमेंट बुक भरने के बदले 21 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सीडीपीओ बदनोर के पद पर कार्यरत मनीष मीणा द्वारा भी बिल पास करने के बदले बड़ी राशि की रिश्वत की मांग की गई थी, हालांकि ट्रैप की भनक लगने से उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ रामेश्वर सिंह के निर्देशन में राजसमंद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 15 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में की गई। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की जांच जारी है।
01 May 2026