
उदयपुर के कोटड़ा क्षेत्र में डिंगावरी के ससरेसा घाटे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। बिलवन से सवारियां लेकर कोटड़ा की ओर आ रही एक ओवरलोड जीप अचानक ब्रेक फेल होने के कारण नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। जीप के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोटड़ा थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें कोटड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कोटड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राथमिक जांच में जीप के ओवरलोड होने और ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।